जमशेदपुर : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को लगातार नौवीं बार देश का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और बदलते आर्थिक हालात के बीच आने वाला यह बजट देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है। इसे लेकर आम जनता से लेकर राजनीतिक दलों तक में खासा उत्साह है।
बजट को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने भी व्यापक तैयारी की है। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में बड़े स्क्रीन पर बजट का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जहां पार्टी के वरीय नेता, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे। सभी लोग सामूहिक रूप से बजट भाषण सुनकर इसके प्रावधानों पर चर्चा करेंगे।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से जिला कार्यालय के साथ-साथ महानगर के सभी 28 मंडलों में भी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रमुख स्थानों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। कार्यकर्ता एक साथ बैठकर बजट के विभिन्न पहलुओं को समझेंगे और आम लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में बजट को लेकर उत्सुकता है। उम्मीद है कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और युवा, महिला, किसान, मजदूर और रक्षा क्षेत्र से जुड़े वर्गों के लिए ठोस योजनाएं लेकर आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।

