जमशेदपुर : केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकासोन्मुख और जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट रोजगार सृजन, पर्यटन विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर केंद्रित है, जिसका सीधा लाभ झारखंड सहित पूरे देश की जनता को मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों की दवाओं के दाम कम किए गए हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी। झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की जा रही हैं। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे राज्य का आर्थिक विकास तेज होगा
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 में रेलवे के लिए जहां 457 करोड़ रुपए का प्रावधान था, वहीं वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 7536 करोड़ रुपए हो गया है। यानी मौजूदा रेल बजट पिछली सरकार की तुलना में लगभग 16 गुना अधिक है।
उन्होंने जानकारी दी कि धनबाद-कोयंबटूर ट्रैक पर नई ट्रेन चलाई जाएगी और झारखंड को दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिलेंगी। कई अन्य ट्रेनों की घोषणा जल्द की जाएगी। राज्य में 63,470 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है, जिसमें ट्रैक डबलिंग और नए रेल मार्ग शामिल हैं।
अमृत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिस पर 2,153 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। गोविंदपुर, राजमहल, शंकरपुर, साहिबगंज, मधुपुर, गोड्डा और लोहरदगा समेत आठ स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणाली भी लगाई जा रही है।
मंत्री ने बताया कि मिशन पूर्वोदय के तहत झारखंड सहित पूर्वी राज्यों के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा। झारखंड के पांच पर्यटन स्थलों को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा और 4,000 ई-बसें चलाई जाएंगी। राज्य में दो नए केंद्रीय विद्यालय भी स्थापित किए जाएंगे।
रांची स्थित केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (CIP) को अपग्रेड किया जाएगा। यहां 500 नए बेड और अत्याधुनिक न्यूरो सर्जरी विभाग जोड़ा जाएगा। साथ ही 17 दवाओं पर सीमा शुल्क हटाने से कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह बजट झारखंड के विकास को नई दिशा देगा और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाएगा।

