NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में एक बार फिर आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। शंकोसाई रोड नंबर 5 में एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में अभिनंदन साहू गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर ने अभिनंदन साहू के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चापड़ से वार किया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। परिजनों के अनुसार, हमलावर का नाम विजय बताया जा रहा है और उसके साथ अभिनंदन की पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते दोनों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि, रंजिश की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
बताया जाता है कि घायल अभिनंदन साहू शंकोसाई रोड नंबर 1 का निवासी है। फिलहाल उलीडीह पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपित की तलाश की जा रही है।

