जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन ने ड्राइवरों के उचित वेतन, पार्किंग में हो रही कथित अवैध वसूली और कंपनी प्रबंधन की नीतियों के विरोध में बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। यूनियन ने आगामी 11 फरवरी से अर्धनग्न होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की घोषणा की है।
यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने बुधवार को अर्धनग्न प्रदर्शन कर कंपनी अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ड्राइवरों को न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल रहा है और पार्किंग स्थल पर विभिन्न मदों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इससे ड्राइवरों और वाहन मालिकों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी के एक अधिकारी के भ्रष्टाचार के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। वाहन मालिकों को उचित रेट नहीं मिल रहा और ड्राइवरों का शोषण जारी है।
यूनियन के मुताबिक, अगर मांगें नहीं मानी गईं तो करीब 7 हजार ड्राइवर और वाहन मालिक इस आंदोलन में शामिल होंगे। हड़ताल के दौरान सभी लोग अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरेंगे और प्रदर्शन करेंगे।
यूनियन ने साफ कहा है कि जब तक वेतन, वसूली और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।

