जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बारीडीह विजय गार्डन में एक विवाहिता महिला की आत्महत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इधर मृतका के परिजनों ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रियंका के देवर अमन पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दो दिन पहले ही जमशेदपुर आया था। उसके व्यवहार और मानसिक दबाव से तंग आकर प्रियंका ने यह कदम उठाया।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी शादी विजय गार्डन निवासी प्रशांत कुमार से हुई थी, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रताड़ना के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

