NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में अपराधियों के हौसले का मामला सामने आया है। डिमना रोड स्थित टीचर्स कॉलोनी में शुक्रवार रात दो नकाबपोश बदमाश चाकू और चापड़ लेकर एक प्रोफेसर के घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में मौजूद प्रोफेसर और उनके बेटे पर हमला करने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो एक बदमाश भाग निकला, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रात करीब 10 बजे की है। प्रोफेसर जयंत प्रसाद सिंह अपने घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक हथियार लेकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने चाकू और चापड़ दिखाकर प्रोफेसर को डराना शुरू कर दिया।

प्रोफेसर ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो उनका बेटा भी वहां पहुंच गया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान पिता-पुत्र को हल्की चोटें आईं। घर में मौजूद प्रोफेसर की बहन को भी बदमाशों ने चाकू के बल पर धमकाया।
परिवार के लोगों की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर एक बदमाश फरार हो गया, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक के बैग से रस्सी, पेचकस और चाकू समेत कुछ सामान मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घर में दाखिल हुए थे।

हालांकि, मानगो थाना प्रभारी के अनुसार पकड़ा गया युवक अत्यधिक नशे की हालत में था। उसे इस बात का भी होश नहीं था कि वह कहां और किसके घर में घुसा है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि युवक के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश में जुटी है।

