NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के प्राचीन जयदा मंदिर तट पर सुवर्णरेखा नदी में डूबे युवक का शव मंगलवार शाम एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। युवक सोमवार शाम नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था और देखते ही देखते डूब गया था। घटना के बाद से पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा था।
मृतक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने दोस्त आशुदेव कुमार के साथ बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने गया था। दोनों जयदा मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर परिसर के नीचे स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट पर प्रेम कुमार नहाने के लिए उतर गया।
बताया गया कि प्रेम कुमार का दोस्त आशुदेव नदी किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान प्रेम कुमार गहरे पानी की ओर बढ़ गया और अचानक डूबने लगा। दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन आसपास तत्काल कोई मौजूद नहीं था। कुछ ही क्षणों में वह नदी की गहराई में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। सोमवार देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर मंगलवार शाम युवक का शव बरामद कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें तथा सेल्फी और रील बनाने के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
