जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के टाटा पिगमेंट गेट के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। टाटा 407 मिनी ट्रक ने पीछे से टाटा एस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा एस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया। घायल टाटा एस चालक परीक्षित दास ने बताया कि वे Tata Steel UISL में कार्यरत हैं और बिष्टुपुर से जुगसलाई की ओर जा रहे थे। वाहन सामान्य गति में था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टाटा 407 ने टक्कर मार दी।
हादसे में टाटा एस के खलासी की गर्दन में चोट आई है, जबकि चालक परीक्षित दास के हाथ में चोट लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही **जुगसलाई थाना** पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
पुलिस ने टाटा 407 को जब्त कर थाने ले लिया है और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि टाटा एस के डिवाइडर पर चढ़ जाने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई थी, जिससे कई घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। चर्चा है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था, इसी कारण हादसा हुआ—हालांकि पुलिस जांच जारी है।

