जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव के दौरान जुगसलाई स्थित आरपी पटेल स्कूल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वोट डालने पहुंचे एक मतदाता ने पुलिसकर्मी पर बदतमीजी और अपशब्द बोलने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही मतदान केंद्र पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए केंद्र पर पहुंचा था, इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी पुलिसकर्मी से नोकझोंक हो गई। मतदाता का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे अन्य वोटर भी आक्रोशित हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद मतदान केंद्र पर शांति बहाल हुई और वोटिंग प्रक्रिया दोबारा सामान्य रूप से शुरू कराई गई।
वोटरों का कहना है कि चुनाव जैसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान पुलिसकर्मियों को संयम और नर्मी से पेश आना चाहिए, ताकि आम लोगों में भय नहीं बल्कि विश्वास का माहौल बने। यह घटना जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र की है।

