News Lahar Reporter:
जमशेदपुर:
ब्रह्मर्षि विकास मंच केंद्रीय कमेटी का चुनाव रविवार को कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें सत्येंद्र कुमार ने अनिल ठाकुर को महज 3 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। सत्येंद्र कुमार को 35 मत मिले, जबकि अनिल ठाकुर को 32 मत प्राप्त हुए।
श्रीनिवास बने कोषाध्यक्ष
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में श्रीनिवास कुमार ने राकेश कुमार को 13 मतों से हराया। श्रीनिवास को 40 मत मिले, जबकि राकेश कुमार को 27 मतों से संतोष करना पड़ा।
83 में से 67 मतदाताओं ने किया मतदान
मंच के कुल 83 पंजीकृत मतदाताओं में से 67 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 15 मतदाता अनुपस्थित रहे। संस्थापक सदस्यों को ही मतदान का अधिकार प्राप्त था।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुई वोटिंग, 3:30 बजे घोषित हुआ परिणाम
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 2:10 बजे तक चला। इसके बाद 3:00 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई और करीब 3:30 बजे संयोजक राजकिशोर सिंह द्वारा परिणाम की घोषणा की गई।
चुनाव प्रक्रिया रही पारदर्शी और निष्पक्ष
पूरी चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन संयोजक राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पर्यवेक्षक रामउदय प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह (गुणी), दीपु सिंह, विकास कुमार, देवानंद सिंह सहित 11 सदस्यीय समिति की अहम भूमिका रही।
“यह किसी की हार-जीत नहीं, समाज की जीत है” – विकास सिंह
पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी विकास सिंह ने कहा कि इस चुनाव में किसी की हार या जीत नहीं हुई है, बल्कि पूरे समाज की जीत हुई है। उन्होंने दोनों प्रत्याशियों के साथ मिलकर एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।
समाज के हित में मिलजुल कर करेंगे काम – सत्येंद्र कुमार
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल ठाकुर उनके बड़े भाई समान हैं और उनके सहयोग से समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंच में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं रहेगा और सभी के सहयोग से समाजहित में कार्य होंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष फोकस – जय कुमार
निर्विरोध चुने गए महासचिव जय कुमार ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
कमेटी के साथ मिलकर करेंगे काम – श्रीनिवास
कोषाध्यक्ष बने श्रीनिवास कुमार ने कहा कि वे कमेटी के साथ मिलकर सहयोगात्मक भूमिका निभाएंगे और समाज के विकास के लिए समर्पित रहेंगे।
सैकड़ों लोगों की रही सक्रिय भागीदारी
चुनाव को सफल बनाने में संस्थापक एवं वरिष्ठ सदस्यों समेत सैकड़ों ब्रह्मर्षि बंधुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरा चुनाव कार्यक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

