NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर में आगामी 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। इसको लेकर गुरुवार को झारखण्ड क्षत्रिय संघ की ओर से होटल दयाल इंटरनेशनल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में केंद्रीय सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह, युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राजीव सिंह ‘बबलू’, जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह और अभिषेक सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 9 मई की सुबह मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर पांच पुरोहितों द्वारा शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद हजारों की संख्या में उपस्थित लोग महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। झारखण्ड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों के सदस्य भगवा ध्वज के साथ जयघोष करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
संघ की ओर से शहर के सभी हिंदू समाज, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के प्रमुख लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
संगोष्ठी और सेवा शिविर होंगे आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर सुबह 10 बजे संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें शहर के शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन, शौर्य और राष्ट्र रक्षा के योगदान पर प्रकाश डालेंगे।
इसके अलावा भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों के सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां जरूरतमंदों के बीच सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।

