NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: मंगलवार रात मानगो क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास सुवर्णरेखा नदी में शव मिलने की सूचना के बाद बुधवार सुबह बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित मोहरदा नदी से भी एक शव बरामद किया गया। शुरुआत में दोनों घटनाओं को अलग-अलग माना जा रहा था, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि दोनों सूचनाएं एक ही शव से संबंधित थीं।
मृतक की पहचान मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जाकिर नगर निवासी 34 वर्षीय जाकिर आलम के रूप में हुई है। वह पेशे से ऑटो चालक थे और 2 अगस्त से लापता थे।
बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को परिजनों ने शव की पहचान जाकिर आलम के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, जाकिर आलम लंबे समय से कर्ज के बोझ और पारिवारिक विवाद से परेशान थे। परिवार का कहना है कि इन्हीं कारणों से उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
हालांकि, जाकिर आलम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक की पत्नी ने बताया कि जाकिर आलम 2 अगस्त से घर से लापता थे और परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।

