जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित न्यू आलीशान टावर की निवासी मोसर्रत जहान ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। पीड़िता का कहना है कि कानूनी नोटिस भेजने से नाराज होकर नामजद आरोपियों ने उनके घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दी।
मोसर्रत जहान के अनुसार, उन्होंने 17 जनवरी 2026 को अपने अधिवक्ता के माध्यम से निकेतन कंस्ट्रक्शन के निदेशक निर्मल कुमार श्रीवास्तव को एक कानूनी नोटिस भेजा था। नोटिस मिलने के बाद आरोपी पक्ष आक्रोशित हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि 30 जनवरी की सुबह करीब 10:15 बजे निर्मल कुमार श्रीवास्तव, अलाउद्दीन, निर्मल सिन्हा उर्फ पुतुल समेत 10-12 अज्ञात लोग लाठी-डंडे के साथ उनके आवास के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उनके पुत्र की ओर इशारा करते हुए अपहरण और हत्या की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि “बहुत कानूनी समझती हो, दोनों को उठा लेंगे और जान से मार देंगे।”
घटना के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बाद में सभी आरोपी न्यू आलीशान टावर स्थित गल्फ कॉम्प्लेक्स के पास अपने कार्यालय की ओर चले गए।
मोसर्रत जहान ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की CCTV रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद वह और उनका बेटा बेहद भयभीत हैं और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
पीड़िता ने मानगो थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से सुरक्षा और न्याय दिलाने की अपील की है।

