News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो इलाके में नेशनल हाईवे-33 किनारे स्थित एक लकड़ी टाल में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे टाल को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने शुरुआत में पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। वहीं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि पप्पू सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल मानगो नगर निगम और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। आग की लपटें लगातार उठ रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।

