जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को उनके समर्थन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मैदान में उतरे और संयुक्त रूप से प्रचार किया।
इस दौरान कांग्रेस के जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह सहित गुरदीप सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, गुरुशरण सिंह, रजनीश सिंह, कौशल प्रधान, निधि मिश्रा, लख कुमार, आशुतोष सिंह, शाहिद समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने औपचारिक रूप से सुधा गुप्ता को समर्थन देने की घोषणा की है, वहीं इंडिया गठबंधन के दलों ने भी उनके पक्ष में समर्थन जताया है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सुधा गुप्ता ने लोगों से कारपेट चुनाव चिन्ह पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे विकास के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरी हैं और मानगो नगर निगम क्षेत्र से उनका भावनात्मक जुड़ाव है।
सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो की जनता के लिए विधायक बन्ना गुप्ता द्वारा कराए गए विकास कार्यों को और तेज गति देने के लिए उन्हें जनता का सहयोग चाहिए।
पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान के तहत गौड़ बस्ती, कृष्णानगर, ऋषभ अपार्टमेंट, गुनमय कॉलोनी, मानगो चौक, मून सिटी, गरीब कॉलोनी और ओल्ड पुरुलिया रोड सहित कई इलाकों में प्रचार किया गया। इस दौरान “सुधा गुप्ता जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
घर-घर जाकर संपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर फूल-मालाओं से सुधा गुप्ता का स्वागत किया और उन्हें जीत का भरोसा दिलाया। पदयात्रा में भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक शामिल हुए, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।

