मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने अपने चुनाव प्रचार को तेज करते हुए व्यापक डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने डिमना बस्ती, डिमना रोड, वाटिका ग्रीन, गौड़ बस्ती, टीचर्स कॉलोनी, दलमा वेस शांति विहार, चन्द्रावती नगर, बगान एरिया, बालीगूमा, इन्द्रा कॉलोनी, आशियाना गायत्री होम्स और वाटिका ग्रीन सिटी सहित कई इलाकों में मतदाताओं से सीधा संवाद किया।
पदयात्रा और जनसंपर्क के दौरान सुधा गुप्ता ने लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए तकनीकी प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, नए शिक्षा संस्थानों का निर्माण, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा और स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मेयर प्रत्याशी ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे मतदान के दिन मत क्रम संख्या 11 पर चुनाव चिह्न ‘कार्पेट’ (गुलाबी पर्ची) पर मुहर लगाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

