जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच एआईएमआईएम (AIMIM) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी द्वारा मेयर पद के लिए जेबा कादरी को समर्थन देने के फैसले से नाराज होकर प्रदेश महासचिव बाबर खान और जिला अध्यक्ष फखरुद्दीन अंसारी ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
दोनों नेताओं का आरोप है कि पार्टी नेतृत्व ने यह फैसला बिना किसी मंथन और जिला इकाई से सलाह लिए ही ले लिया। उनका कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष ने जिला अध्यक्ष की राय को पूरी तरह नजरअंदाज किया, जबकि स्थानीय राजनीति की जमीनी हकीकत से जिला नेतृत्व भली-भांति परिचित रहता है।
बाबर खान ने कहा कि किसी भी उम्मीदवार को समर्थन देने से पहले जिला अध्यक्ष और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बनानी चाहिए थी। बिना चर्चा के लिया गया फैसला कार्यकर्ताओं के मनोबल को कमजोर करता है।
उधर, मानगो नगर निगम चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। कांग्रेस ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता को समर्थन दिया है, जबकि भाजपा ने वरिष्ठ नेता नीरज सिंह की पत्नी को मैदान में उतारा है। ऐसे में AIMIM के भीतर हुई यह टूट चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
मानगो की राजनीति में बढ़ती बयानबाजी और दल-बदल से चुनावी माहौल दिन-ब-दिन गरमाता जा रहा है।

