जमशेदपुर (झारखंड) : पूर्वी सिंहभूम जिले के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने मानगो नगर निगम चुनाव में लागू आरक्षण व्यवस्था और मानगो क्षेत्र में चल रही यातायात जांच को लेकर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने एक लिखित अनुरोध सौंपते हुए दोनों मुद्दों को गंभीर और जनहित से जुड़ा बताया है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मानगो नगर निगम चुनाव के लिए सभी वार्डों की सूची जारी कर दी गई है, जिसमें सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति और महिला वर्ग के लिए आरक्षण निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था स्वागत योग्य है, लेकिन व्यवहारिक स्तर पर कई समस्याएं सामने आ रही हैं।
सुबोध श्रीवास्तव के अनुसार, आरक्षित वर्ग से आने वाले कई संभावित जनप्रतिनिधियों को समय पर जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके कारण वे अपने आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़ने में असमर्थ हो रहे हैं, जो उनके लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा बन रहा है। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन इस दिशा में त्वरित कदम उठाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र जाति प्रमाण पत्र जारी हो सके और वे चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकें।
उन्होंने मानगो क्षेत्र में यातायात जांच को लेकर भी चिंता जताई। वर्तमान में मानगो इलाके में करीब 9 स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही है। मानगो चौक से डिमना चौक तक कई जगहों पर वाहनों की जांच के कारण आम जनता और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इन जांच बिंदुओं की पुनः समीक्षा की जाए और कुछ जांच केंद्रों को न्यू पुरुलिया रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड की ओर स्थानांतरित किया जाए, जहां फिलहाल सिर्फ एक-एक स्थान पर ही जांच होती है। इससे यातायात दबाव कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
अंत में उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि दोनों गंभीर मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

