जमशेदपुर : मानगो नगर निगम का चुनाव इस बार ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार यहां नगर निगम के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार 28 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन को देखते हुए उपायुक्त कार्यालय (डीसी ऑफिस) परिसर में बैरीकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
मेयर पद के प्रत्याशी एडीसी कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। मेयर चुनाव की जिम्मेदारी एनईपी के निदेशक संतोष कुमार गर्ग को सौंपी गई है, जिन्हें निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।
वहीं, वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों का नामांकन मानगो के शंकोसाई स्थित स्वर्ण रेखा बहुउद्देशीय परियोजना संयुक्त कार्यालय भवन में होगा। अलग-अलग वार्डों के लिए अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।
वार्डवार निर्वाची पदाधिकारी की तैनाती
* वार्ड 1–5 : डीएसओ जुल्फिकार अंसारी (भूतल, स्वर्ण रेखा कार्यालय)
* वार्ड 6–10 : डीएलओ गुंजन कुमारी सिन्हा (क्वालिटी कंट्रोल रूम)
* वार्ड 11–15 : बीडीओ बबली कुमारी
* वार्ड 16–20 : जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद (अवर प्रमंडल पदाधिकारी कक्ष)
* वार्ड 21–25 : मोहम्मद मुजाहिद अंसारी (कक्ष संख्या-2)
* वार्ड 26–30 : एलआरडीसी घाटशिला नीत निखिल सुरीन (कक्ष संख्या-3)
* वार्ड 31–36 : मानगो सीओ बृजेश श्रीवास्तव (कक्ष संख्या-4)
इसके अलावा, नामांकन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी भी तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और समर्थकों से तय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

