मानगो : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में व्याप्त अनियमितताओं और जन समस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) जमशेदपुर महानगर की ओर से विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस धरना का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए सुबोध श्रीवास्तव ने मानगो क्षेत्र में फैली मूलभूत समस्याओं की ओर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और निगम के सभी 36 वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों को नहीं मिल पा रही हैं।

जिला अध्यक्ष ने इन अव्यवस्थाओं के लिए सीधे तौर पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जदयू के विपक्ष में होने के कारण सरकार के इशारे पर जन सुविधाओं को जानबूझकर बाधित किया जा रहा है।
सुबोध श्रीवास्तव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते मानगो नगर निगम की इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जदयू नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हेमंत सरकार की होगी।
