जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। बुधवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन 11 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा, जबकि पांच उम्मीदवार पहले ही नामांकन कर चुके थे।
अब गुरुवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान अगर किसी उम्मीदवार के कागजात में त्रुटि पाई जाती है तो उसका नामांकन रद्द किया जा सकता है। शुक्रवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि है। इसके बाद जिला प्रशासन वैध प्रत्याशियों की सूची जारी करेगा और चुनाव प्रचार आधिकारिक रूप से तेज हो जाएगा।
मानगो में मेयर पद की प्रत्याशी
मानगो मेयर चुनाव में कई चर्चित चेहरे मैदान में हैं। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता और भाजपा के नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह के बीच मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। इनके अलावा कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शबाना बानो, शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान, वनिता सहाय, राय मुनि सुंडी, काकोली महतो, इंदिरा सुंडी, संध्या सिंह, लकी सिंह, पार्वती देवी, प्रतिभा रानी, सुशील सिंह, अनीता देवी और सोना मुनी सोरेन भी चुनाव मैदान में हैं।
जुगसलाई में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। अंतिम दिन चार उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। प्रमुख प्रत्याशियों में आरती चौधरी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलोफर हुसैन, नूतन सिंह, डाली मलिक, मुसर्रत खातून, बलबीर कौर और रिंकू सिंह शामिल हैं।
चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए संध्या रानी सरदार, चंदन मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू ने नामांकन दाखिल किया है। यहां भी मुकाबला रोचक होने की संभावना है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर तीनों क्षेत्रों में प्रत्याशी और समर्थक पूरी तैयारी में जुट गए हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही चुनावी प्रचार अभियान और तेज होने की उम्मीद है।

