जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल और साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और लाइब्रेरी में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एमजीएम अस्पताल पहुंचकर उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, फार्मेसी, सीटी स्कैन, निबंधन काउंटर और निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।
पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद सुधार कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि व्यवस्थाओं में शीघ्र और ठोस सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी से पहले अस्पताल में पानी की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य जल्द पूरा करने के लिए अस्पताल अधीक्षक, संवेदक और मानगो नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ अर्नव मिश्रा, एडीसी संतोष गर्ग सहित अस्पताल अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद उपायुक्त ने साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में छात्रों के लिए बैठने की व्यवस्था, बेंच-डेस्क, पठन सामग्री, रोशनी, स्वच्छता, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि लाइब्रेरी को विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक आदर्श अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने उप नगर आयुक्त को संचालन से संबंधित सभी तैयारियां जल्द पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के समय एसडीओ अर्नव मिश्रा, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, डीटीओ धनंजय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

