जमशेदपुर : नगर पालिका निर्वाचन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित एफसीआई गोदाम पहुंचे, जहां मतदान दलों के लिए बनाए गए डिस्पैच और रिसिविंग काउंटर की व्यवस्था देखी। उन्होंने सामग्री वितरण और प्राप्ति की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रखने पर जोर दिया। साथ ही मतदान कर्मियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इसके बाद उपायुक्त ने प्रस्तावित मतगणना कक्ष और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

