NEWS LAHAR REPORTER
डुमरिया/जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका, घाटशिला, बहरागोड़ा और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीणों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में हो रही परेशानियों को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की पुत्री दुखनी सोरेन ने मुख्यमंत्री के नाम जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक पंचायत में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में आवेदकों की अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है। इसके कारण लोगों को घंटों कतार में इंतजार करना पड़ता है और कई बार पूरे दिन के बाद भी उनका काम पूरा नहीं हो पाता। इससे ग्रामीणों को बार-बार परिवहन कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होता है।
दुखनी सोरेन ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण, आदिवासी, मूलवासी, छात्र-छात्राओं, मजदूरों तथा दूर-दराज़ के पंचायतों से आने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर लगाए जाएँ, जहाँ आवेदन, दस्तावेज़ सत्यापन, फोटो, बायोमेट्रिक, ड्राइविंग टेस्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ एक ही स्थान पर पूरी की जाएँ। साथ ही केवल लर्निंग लाइसेंस जारी करने के बजाय सभी औपचारिकताएँ पूरी होने पर योग्य आवेदकों को स्थायी (परमानेंट) ड्राइविंग लाइसेंस भी उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होने से परिवहन कार्यालयों में भीड़ कम होगी, आम लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और हजारों ग्रामीणों को समय पर ड्राइविंग लाइसेंस मिल सकेगा। दुखनी सोरेन ने राज्य सरकार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

