जमशेदपुर : परसुडीह थाना पुलिस ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कीताडीह रेलवे हॉस्पिटल के पीछे छापामारी कर एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख यासीन उर्फ बब्बन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 2.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि शेख यासीन इलाके में गांजा की सप्लाई करने पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक युवक वहां से फरार हो गया, जबकि यासीन को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने फरार युवक का नाम शेख अशफाक बताया, जो जुगसलाई के महतो पाड़ा रोड का रहने वाला है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है। पूरे सप्लाई चेन को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, मानगो थाना क्षेत्र के डिमना चौक स्थित एक मटन शॉप पर मारपीट की घटना सामने आई है। इस झड़प में सिदगोड़ा के बाबूडीह ग्वाला बस्ती निवासी पिंटू महतो घायल हो गए। उनके आवेदन पर पुलिस ने डिमना बस्ती के साजन मिश्रा, रोहित सट्टेबाज, दिव्यांशु समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

