जमशेदपुर/पटमदा : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड स्थित सुंदरपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। शिक्षकों की भारी कमी और नियमित उपस्थिति नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और वे जिला मुख्यालय पहुंचकर उपायुक्त को मांग पत्र सौंपने पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक पढ़ाई होती है, लेकिन छात्रों की संख्या के मुकाबले शिक्षकों की उपलब्धता बेहद कम है। विद्यालय में कुल पांच शिक्षकों की नियुक्ति है, जबकि वर्तमान में सिर्फ तीन शिक्षक ही कार्यरत हैं। आरोप है कि वे भी नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंचते, जिससे बच्चों की पढ़ाई समय पर नहीं हो पा रही है।
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों की लापरवाही का सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। कई कक्षाएं बिना शिक्षक के चल रही हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में ग्रामीणों ने विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

