NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में तेजी से फैल रहे मलेरिया और सेरेब्रल मलेरिया के मामलों को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाने की मांग की। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पोटका प्रखंड की कई पंचायतों और गांवों में संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
भाजपा ने ज्ञापन में दावा किया कि पोटका के नारदा, हरिणा, पोड़ा तेंतला, ग्वालकाटा, माटिन, गांगाडीह, हेंसाबिल और टांगराईन पंचायतों सहित कई गांव मलेरिया की चपेट में हैं। पार्टी के अनुसार स्थानीय स्तर पर करीब दो हजार से अधिक लोग संक्रमित बताए जा रहे हैं, जबकि अब तक सात लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। हेंसाबिल पंचायत के खड़ियासाई गांव में सेरेब्रल मलेरिया से एक बच्चे की मौत का भी उल्लेख करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय और जिला मंत्री तन्मय झा समेत कई नेता शामिल थे।
सांसद विद्युत वरण महतो ने उपायुक्त से प्रभावित गांवों में विशेष मेडिकल टीम भेजने, पर्याप्त दवाइयों और जांच किट की व्यवस्था करने, नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तथा गंभीर मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राहत कार्यों में सहयोग और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।
पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर प्रत्येक प्रभावित गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय पर जांच और इलाज उपलब्ध कराया जा सके। वहीं मीरा मुंडा ने स्वास्थ्य शिविर, घर-घर जांच, मच्छरदानी वितरण, जन-जागरूकता अभियान और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग रखी। उन्होंने बागबेड़ा समेत शहरी क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पोटका सहित जिले के प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनस्वास्थ्य के इस मुद्दे पर प्रशासन के साथ हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
इस पर जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन मलेरिया नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वे, जांच और उपचार का कार्य चल रहा है तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। साथ ही फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग, जनजागरूकता अभियान और पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी भरोसा दिया।

