पोटका : प्रखंड मुख्यालय स्थित परियोजना बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में झारखंड राज्य शिक्षा परियोजना के तहत चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस योजना पर कुल 51 लाख रुपये की लागत आएगी।
भवन संकट से जूझ रही छात्राओं को मिलेगी राहत
विद्यालय में वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र की लगभग 555 छात्राएं अध्ययनरत हैं। लंबे समय से भवन की कमी के कारण छात्राओं को पठन-पाठन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब चार नए कमरों के निर्माण से कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी और शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा। निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीण बेटियों की शिक्षा सरकार की प्राथमिकता : संजीव सरदार
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेषकर बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वे अपने क्षेत्र में रहकर ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भरता संभव है।
डिग्री कॉलेज और पॉलिटेक्निक से मिलेगा उच्च शिक्षा का अवसर
विधायक ने बताया कि पोटका क्षेत्र में डिग्री कॉलेजट और पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माण को भी राज्य सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। इनके पूरा होने से ग्रामीण छात्रों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रहितकारी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुखिया पानो सरदार, बाघराय सोरेन, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, वार्ड सदस्य माला मंडल, ग्रामप्रधान उत्तम कुमार सिंह, निपेन मंडल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधांशु कुमार मंडल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

