News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद नगर थाना क्षेत्र के बागानशाही रोड नंबर 7 में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने गरीब तबके पर हो रहे अत्याचार की सच्चाई को उजागर कर दिया है। महज रंगदारी नहीं देने की वजह से एक चाय दुकानदार के साथ मारपीट की गई और उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दी गई।
पीड़ित मोहम्मद नईम अंसारी की यह छोटी सी चाय दुकान ही उनके परिवार के पालन-पोषण का एकमात्र सहारा है, जिसे आरोपियों ने बेरहमी से निशाना बनाया।
पीड़ित के बड़े भाई के अनुसार, नौशाद नामक युवक पिछले कई महीनों से दुकान पर आकर 100-200 रुपये की रंगदारी मांगता था। बताया गया है कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में रहता था और पैसे नहीं देने पर धमकी देता था।
शुक्रवार सुबह भी जब नईम ने पैसे देने से इनकार किया, तो नौशाद अपने 6-7 साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान नईम के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं।
घटना के बाद मामला आजादनगर थाना पहुंचा, जहां पीड़ित पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लगातार बढ़ती रंगदारी और नशाखोरी की घटनाएं स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। ऐसे में जरूरत है कि पुलिस सख्त कार्रवाई कर इन घटनाओं पर लगाम लगाए, ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।

