NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के कोषाध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह गांधी का सोमवार को निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे जसबीर सिंह गांधी का रायपुर में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही जमशेदपुर सहित पूरे क्षेत्र के सिख समाज में शोक की लहर दौड़ गई। अपने मिलनसार, सरल और सामाजिक स्वभाव के कारण वे समाज के हर वर्ग में सम्मानित थे। उनके परिवार में तीन बच्चे सहित अन्य परिजन हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जसबीर सिंह गांधी कमिटी के अत्यंत सक्रिय, समर्पित और जिम्मेदार सदस्य थे। उन्होंने गुरुद्वारा और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन सिख समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
निशान सिंह ने कहा कि गांधी का व्यवहार बेहद सौम्य और आत्मीय था, जिसके कारण वे सभी के प्रिय थे। उनके अचानक निधन से समाज ने एक समर्पित सेवक और मार्गदर्शक को खो दिया है।
सरदार जसबीर सिंह गांधी की अंतिम यात्रा मंगलवार को उनके आवास से निकाली जाएगी। इसके बाद मंगलवार सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जमशेदपुर के विभिन्न सिख संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

