जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित जंक्शन रेस्टोरेंट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह रेस्टोरेंट साकची गुरुद्वारा के सामने स्थित है।
मिली जानकारी के अनुसार आग रेस्टोरेंट के किचेन में गैस चूल्हे के पास लगी। किचेन से धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि किचेन में रखा कुछ सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है। आग लगने के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर गैस चूल्हे के पास आग लगने की बात सामने आ रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की दुकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।

