News Lahar Reporter:
जमशेदपुर : किताबें पढ़ने के शौकीनों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। जमशेदपुर के साकची स्थित जेएनएसी की डीएम लाइब्रेरी का बुधवार को उद्घाटन कर दिया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने फीता काटकर इस लाइब्रेरी की शुरुआत की।
उद्घाटन के मौके पर डीसी ने कहा कि यह लाइब्रेरी छात्रों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। यहां उन्हें पढ़ाई से जुड़ी विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए यहां कई उपयोगी किताबें और पत्रिकाएं रखी गई हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह शुरुआत है और आने वाले समय में यहां किताबों की संख्या और सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जाएगा। लाइब्रेरी में आने वाले पाठकों से सुझाव भी लिए जाएंगे और उसी के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
इस लाइब्रेरी में करीब 30 हजार किताबें उपलब्ध होंगी, जिनमें इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और प्रसिद्ध लेखकों की रचनाएं शामिल हैं। यहां एक समय में 20 लोग बैठकर अध्ययन कर सकेंगे।
डीसी ने यह भी जानकारी दी कि लाइब्रेरी के संचालन के लिए पांच अधिकारियों की टीम बनाई गई है, जो इसकी गतिविधियों और व्यवस्थाओं पर नजर रखेगी।
गौरतलब है कि डीएम लाइब्रेरी की स्थापना आजादी से पहले टाटा स्टील द्वारा की गई थी। बाद में इसे जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) को सौंप दिया गया था।

