NEWS LAHAR REPORTER
विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने लिया भाग, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुए सम्मानित
सरायकेला। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में निर्वाचक साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के माध्यम से आयोजित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के तहत शनिवार, 14 नवंबर 2026 को शेन इंटरनेशनल स्कूल, कांड्रा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी लेखन क्षमता, तार्किक सोच और निर्वाचन संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों को लेखन एवं वाचन कौशल विकसित करने के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि लेखन एवं वाचन कौशल विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ अपने विचारों को प्रभावी एवं स्पष्ट ढंग से प्रस्तुत करने का अभ्यास करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने तथा सोच-समझकर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता की दी जानकारी
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदान के अधिकार एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका की जानकारी दी।
उन्होंने एसआईआर-2026 के तहत जिले में संचालित गतिविधियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

निबंध प्रतियोगिता में निकिता सिंह ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निकिता सिंह ने प्रथम, दीपक महतो ने द्वितीय तथा बिष्णु प्रिया शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त मोनिका महतो, मौसमी महतो, प्रिया हांसदा, नेहा कुमारी, अल्बिना पूर्ति, गीता कुमारी एवं महिमा चाकी ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विक्की महतो रहे प्रथम
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विक्की महतो ने प्रथम स्थान हासिल किया। जुबिया परवीन द्वितीय तथा ऋषभ कुमार सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अलावा शुभम राज, ज्योति कुमारी, अर्जित बोरेल, जयदीप गोड़ाई, महेश प्रमाणिक, नैना साहू एवं मनोज गोप ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित प्रतिभागी
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में लेखन एवं वाचन कौशल, तार्किक सोच, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन को विद्यार्थियों में निर्वाचन साक्षरता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

