जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर धाम में आज से शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं गरुड़ स्तंभ सह श्री श्री राम मंदिर वर्षगांठ महोत्सव का चार दिवसीय आयोजन आरंभ हो गया।
महोत्सव के पहले दिन मंगल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा बागुनहातू घाट से सुवर्णरेखा नदी का पवित्र जल लेकर शुरू हुई, जिसका नेतृत्व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर धाम के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने किया। कलश यात्रा मंदिर परिसर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ प्रवेश किया।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मातृत्व शक्ति कलश लेकर शामिल हुईं।
मंदिर के महासचिव अखिलेश कुमार चौधरी ने बताया कि 26 फरवरी को नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवलिंग में हल्की दरार आने के कारण मंदिर परिसर में पुनः शिवलिंग का प्रतिस्थापन किया जा रहा है। साथ ही इस बार मंदिर में गरुड़ स्तंभ की भी स्थापना की जा रही है, जो पहले यहां नहीं था।
उन्होंने जानकारी दी कि 27 फरवरी को शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा के साथ यज्ञ और हवन होगा। वहीं 28 फरवरी को श्री श्री राम मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर सुंदरकांड पाठ, दीपोत्सव और संध्या में भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर समिति के सदस्य राकेश सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर धाम परिसर में प्रभु श्री राम मंदिर का निर्माण किया गया है, जिसकी वर्षगांठ हर वर्ष श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाती है। इस अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

