जमशेदपुर : जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट की आशंका है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), पूर्वी सिंहभूम ने आदेश जारी किया है कि जिले के सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 5 जनवरी 2026 और 6 जनवरी 2026 को पूरी तरह स्थगित रहेगी। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत लागू किया गया है।
डीईओ द्वारा जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी विद्यालय प्रबंधन को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन करना होगा। हालांकि, जिन विद्यालयों में इस अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, वहां विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से परीक्षा का आयोजन कर सकता है।
इसके साथ ही आदेश में यह भी कहा गया है कि 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें ई विद्या वाहिनी प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
इस आदेश को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम का अनुमोदन प्राप्त है। आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त कार्यालय, सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं जिले के सभी विद्यालयों के प्रबंधन को सूचना एवं अनुपालन हेतु भेज दी गई है।

