NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : सोनारी सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी, ईस्ट लेआउट बटतल्ला की ओर से पंचमी के दिन दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन भारत सेवाश्रम संघ के सचिव स्वामी मुक्तात्मानंद जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वामी मुक्तात्मानंद जी महाराज ने अपने संबोधन में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के बारे में उपस्थित लोगों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मां दुर्गा की महिमा और उनके विभिन्न रूपों के महत्व से लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के संयुक्त सचिव स्वपन मुखर्जी एवं संजय कुमार सिंह तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष अभिजीत सेनगुप्ता ने स्वामी मुक्तात्मानंद जी महाराज को सम्मानित किया। इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण एक काल्पनिक मंदिर के प्रारूप में किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूजा के पारंपरिक माहौल को जीवंत बनाने के लिए मेदिनीपुर से ढाकी बुलाए गए हैं।पूजा के दौरान लगातार तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
