जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर स्थित सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा इंदिरा नगर बस्ती में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 85 वर्षीय वृद्धा की आग में झुलसकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना करीब रात 3 बजे की है। घर के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी फंस गईं। उन्होंने बचाव के लिए चीख-पुकार भी की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई उन्हें बचाने अंदर नहीं जा सका। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की बेटी ने बताया कि उनकी मां अपने कमरे में सो रही थीं, जबकि घर के अन्य सदस्य अलग-अलग कमरों में थे। अचानक धुआं और आग फैलने से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

