जमशेदपुर : सुंदर नगर थाना क्षेत्र के गोराडीह कैनाल के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। धालभूमगढ़ से आटा लोड कर परसूडीह बाजार समिति जा रही पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक और वाहन पर सवार दो मजदूर बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोराडीह कैनाल के पास सड़क पर ऊंची चढ़ाई है। चढ़ाई के दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप पीछे की ओर लुढ़कती हुई गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए चालक व मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वाहन मालिक कृष्ण कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत दूसरी गाड़ी मंगवाकर आटा लोड कर परसूडीह बाजार समिति भिजवाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को गड्ढे से निकालने का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह बताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
