जमशेदपुर : टाटानगर केन्द्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना के कर्मचारियों द्वारा नए साल के अवसर पर रविवार को डोबो डैम में परिवार मिलन सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कारखाना के व्हील शॉप में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वर्ष 2026 का पहला यादगार आयोजन रहा।
कार्यक्रम का आयोजन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में किया गया, जिसमें विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार का पूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर संतोष कुमार ने कहा कि पिकनिक और पारिवारिक मिलन से कर्मचारियों के बीच टीम भावना मजबूत होती है, जिससे कार्यक्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के परिजनों विशेषकर महिलाओं और बच्चों का कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय कराना था, ताकि आपात स्थिति में पारिवारिक सहयोग और आपसी समन्वय को और मजबूत किया जा सके। साथ ही कार्यस्थल पर सहयोगात्मक वातावरण और टीम भावना को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
परिवार मिलन कार्यक्रम में चाईबासा, सीनी, आदित्यपुर, घाटशिला और चाकुलिया से आए कर्मचारियों ने अपने परिवार के साथ भाग लिया। आयोजन के दौरान हास्य कवि सम्मेलन, महिलाओं की मिमिक्री और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने सभी का खूब मनोरंजन किया।

