जमशेदपुर: जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा माह के तहत टाटा स्टील ने मीडिया कर्मियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया। शनिवार को सीएफई (CFE) ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न संस्थानों से जुड़े 30 से अधिक पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों ने भाग लिया।
सत्र का संचालन टाटा स्टील के चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार और यातायात नियमों के पालन को जीवन सुरक्षा का आधार बताते हुए कहा कि छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने वाहनों की फिटनेस जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूरी और थकान या नींद की स्थिति में वाहन न चलाने जैसी अहम बातों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि जनमत निर्माण में मीडिया की भूमिका बेहद प्रभावशाली होती है। ऐसे में पत्रकारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकते हैं और व्यवहार परिवर्तन लाया जा सकता है। टाटा स्टील ने मीडिया को सड़क सुरक्षा अभियान का महत्वपूर्ण साझेदार बताया।
यह पहल टाटा स्टील के सड़क सुरक्षा माह अभियान का हिस्सा है, जिसकी थीम “एक सड़क, एक परिवार: सम्मान के साथ चलें” रखी गई है। कंपनी का उद्देश्य साझा जिम्मेदारी की भावना के साथ सुरक्षित सड़क संस्कृति को बढ़ावा देना है।
कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामुदायिक कल्याण और जनजागरूकता के प्रति टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

