NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टेल्को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिग्नल के पास ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (एमएच 15जेसी 8009) और टाटा टियागो कार (जेएच 05 सीजी 4808) के बीच ओवरटेक के दौरान टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और कार में सवार लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।
घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश भी देखा गया, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही।
स्थानीय लोगों ने तुरंत गोलमुरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य करने के साथ-साथ भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें ओवरटेक के दौरान लापरवाही की बात सामने आ रही है।
राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कार सवारों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और जल्दबाजी या गलत तरीके से ओवरटेक करने से बचें।

