जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर नदी किनारे पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने बुधवार रात करीब 8 बजे श्यामनगर नदी किनारे छापा मारा। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त शंकोसाई निवासी मनीष कुमार यादव को मौके से धर दबोचा गया। तलाशी में उसके पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन 3.870 ग्राम बताया गया है।
इस मामले में मानगो उलीडीह ओपी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी दल में पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के अलावा एसआई मो. शारीक अली, उलीडीह ओपी प्रभारी, एसआई विष्णु चरण भोगता, एसआई विवेक पाल, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था व सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
