Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी कॉलोनी निवासी जमीन कारोबारी अजय प्रताप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना रविवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब वे अपनी कार से गम्हरिया से कांड्रा की ओर जा रहे थे।
चंद्रपुरा स्थित भारत पेट्रोलियम के पास अचानक उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला टायर फट गया। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय अजय प्रताप को हार्ट अटैक आया, जिससे वे नियंत्रण खो बैठे।
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय प्रताप को कार के भीतर बेहोश हालत में पाया और तत्काल उन्हें TMH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ के पास अजय प्रताप पर बम से हमला भी हुआ था, जिसमें वे घायल हुए थे। वे जमीन के कारोबार से जुड़े थे और उन्हें धमकियां मिलने की बात भी सामने आई थी। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

