NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास एनएच-18 स्थित भालूकोचा में गुरुवार सुबह 10 बजे लगभग यदुवंशी होटल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय होटल में मौजूद कारीगर और ग्राहक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की रसोई में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने पास में बनी पुआल की झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं, सूचना मिलने पर चांडिल अनुमंडल अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
होटल संचालक ने बताया कि ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग की वजह से होटल की झोपड़ी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

