NEWS LAHAR REPORTER
तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने बिगाड़े हालात, कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम
बेंगलुरु में बुधवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन इसके साथ ही शहर में तबाही जैसे हालात बन गए। तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कें नदियों जैसी दिखने लगीं।
इस बीच एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया। Bowring and Lady Curzon Hospital की चहारदीवारी गिरने से एक बच्चे समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
महज दो घंटे की बारिश में ही शहर के कई हिस्सों में कमर तक पानी भर गया। रिचमंड टाउन और शांतिनगर जैसे इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। जलजमाव के कारण कई जगहों पर घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अचानक हुई इस बारिश का असर प्रशासनिक क्षेत्रों तक भी देखने को मिला। कर्नाटक विधानसभा परिसर में भी पानी भर गया, जबकि कई सरकारी दफ्तर जलमग्न हो गए। शाम के समय ऑफिस से लौट रहे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मेट्रो सेवाओं में भी आंशिक व्यवधान की खबरें सामने आई हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

