लखनऊ:
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना के एक लांस नायक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो आगरा जिले के थाना कागारोल क्षेत्र के ग्राम चीतपुर का निवासी है। वह बलबीर सिंह का पुत्र बताया जा रहा है।
ATS के अनुसार उन्हें कुछ दिनों पहले सूचना मिली थी कि आरोपी लांस नायक भारत की संवेदनशील खुफिया जानकारियां पाकिस्तानी एजेंसी ISI को उपलब्ध करा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि उसने नौसेना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सूचनाएं अपने हैंडलर को भेजी थीं।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ATS ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आदर्श कुमार ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और ISI को खुफिया सूचनाएं देने की बात स्वीकार कर ली।
फिलहाल ATS आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने अब तक कौन-कौन सी जानकारियां साझा की हैं और उसके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

