जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से समर्थन मांगते हुए कहा कि वे राजनीति करने नहीं, बल्कि जनता की सेवक बनकर काम करने आई हैं।
सुधा गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य मानगो को विकसित, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना है। “हम राजनेता नहीं, सेवक बनकर आपके बीच आए हैं। मेयर बनने के बाद भी सेवक की भूमिका में ही काम करेंगे। एक बार मौका दीजिए, जनता के साथ मिलकर और सरकार के सहयोग से मानगो को नई दिशा देंगे,” उन्होंने कहा।
जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने मानगो शांतिनगर, जवाहर नगर रोड नंबर-4, समतानगर, इंदिरा कॉलोनी, कल्याण विहार, रिपिट कॉलोनी, साईं मंदिर बस्ती, पारडीह, युवराज इंक्लेव, डिमना रोड और पोस्ट ऑफिस रोड सहित कई इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
मेयर प्रत्याशी ने कहा कि नाली, सड़क, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर समस्याओं का स्थायी समाधान करना है।
सुधा गुप्ता ने मतदाताओं से अपील की कि आगामी 23 फरवरी को अपने घरों से निकलकर कार्पेट चुनाव चिह्न, क्रम संख्या 11 पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि मानगो में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
मानगो क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सक्रियता और जनसमर्थन को देखते हुए चुनावी माहौल गर्म हो चुका है। समर्थकों का दावा है कि इस बार जनता विकास के मुद्दे पर मतदान करेगी और भारी मतों से जीत सुनिश्चित करेगी।

