NEWS LAHAR REPORTER
रांची: झारखंड पुलिस ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को जामताड़ा जिले में हुई पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान कैदी वैन जामताड़ा क्षेत्र से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में उसने शौच जाने की बात कही। वाहन रुकते ही उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गोली लगने से मौके पर ही मारा गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सुरक्षा एवं प्रशासनिक कारणों से 9 अक्टूबर 2025 को सुजीत सिन्हा को मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से साहिबगंज मंडल कारा स्थानांतरित किया गया था। यह निर्णय पलामू पुलिस और जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया था।
मेदिनीनगर के रेडमा निवासी सुजीत सिन्हा का आपराधिक नेटवर्क झारखंड के कई जिलों में फैला हुआ था। उसके खिलाफ रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू समेत विभिन्न जिलों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े 60 से अधिक मामले दर्ज थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

