Ranchi: रांची जिला प्रशासन ने गणतंत्र दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार 10 जनवरी 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ब्लॉक ए सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के दायित्व तय किए गए और समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर पंडाल, गैलरी, कुर्सी, स्टेज, साउंड सिस्टम, बैरिकेटिंग, मैदान समतलीकरण और विद्युत व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं वाटरप्रूफ और सुरक्षित हों।
कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को पंडाल, गैलरी और स्टेज निर्माण की जिम्मेदारी दी गई, वहीं विद्युत कार्य प्रमंडल को निर्बाध बिजली आपूर्ति और साउंड प्रूफ जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पेयजल, अस्थायी शौचालय और वीआईपी टॉयलेट की व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने नगर निगम रांची को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, साथ ही प्रमुख सड़कों की स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर ट्रैफिक पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए गए।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण झांकियां होंगी। झारखंड सरकार की योजनाओं, नीतियों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक धरोहर को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। मोरहाबादी मैदान में कुल 12 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।
इसके अलावा समारोह में लगभग 15 प्लाटून द्वारा परेड और तीन बैंड की प्रस्तुति होगी। परेड का अभ्यास 18 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक चलेगा, जबकि 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

