NEWS LAHAR REPORTER
भभुआ, कैमूर | राजेश सिंह की रिपोर्ट
बिहार के कैमूर जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियाँ 30 मई 2026 तक स्थगित कर दी गई हैं।
जिला दण्डाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाओं पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। यह आदेश 22 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी नियमित रूप से विद्यालय और कार्यालय में उपस्थित रहेंगे तथा प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतें तथा बच्चों को बिना जरूरत धूप में बाहर न निकलने दें।
प्रशासन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

